home page

आए दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा रेलवे:गौरव गौतम

 | 
आए दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा रेलवे:गौरव गौतम


पलवल में लाइव प्रसारण कार्यक्रम में जुटे जनप्रतिनिधि

पलवल, 17 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने तथा विभिन्न रेलवे परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर पलवल में लाइव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारत को हरित एवं आत्मनिर्भर परिवहन व्यवस्था की दिशा में नई पहचान दिलाएगा।

कार्यक्रम में हथीन के विधायक मोहम्मद इसराईल, होडल के विधायक हरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पूर्व विधायक प्रवीण डागर, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, भाजपा नेता हरेंद्र राणा, जिला उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह, जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का श्रवण किया और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

मुख्य अतिथि खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, आधुनिक ट्रेनों का संचालन बढ़ाया जा रहा है और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल है, जिससे प्रदूषण कम होगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के लिए यह गर्व और सम्मान का विषय है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ प्रदेश की धरती से हुआ है। यह उपलब्धि न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है। इससे आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल रेल परिवहन को नई गति मिलेगी तथा रेलवे क्षेत्र में भारत की तकनीकी क्षमता का भी प्रदर्शन होगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित रेलवे परियोजनाओं का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल रहा और उपस्थित लोगों ने रेलवे के आधुनिकीकरण, हरित ऊर्जा के उपयोग तथा आधारभूत ढांचे के विकास को देश की प्रगति का मजबूत आधार बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग