home page

हरियाणा सरकार ने कोटक बैंक को पैनल से हटाया

 | 

चंडीगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने पंचकूला नगर निगम से जुड़े 160 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी मामले में कोटक महिंद्रा बैंक को पैनल लिस्ट से हटा दिया है। वित्त विभाग अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण गुप्ता ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागों के प्रमुखों को इसकी सूचना लिखित रूप में भेज दी है।

कोटक महिंद्रा बैंक ने राज्य सरकार को 127 करोड़ रुपए लौटा दिए हैं। यह राशि केवल मूलधन को ही कवर करती है। हरियाणा सतर्कता एवं भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो वर्तमान में पंचकुला नगर निगम के सेक्टर 11 स्थित कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में खातों से कथित तौर पर धन की हेराफेरी की जांच कर रहा है।

वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने पत्र में लिखा है कि कोटक महिंद्रा बैंक को हरियाणा राज्य में सरकारी कामकाज करने के लिए तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक पैनल से हटा दिया गया है। गुप्ता ने कहा कि अब से कोटक महिंद्रा बैंक के जरिए से कोई भी सरकारी निधि,जमा, निवेश या लेनदेन नहीं किया जाएगा।

वित्त विभाग द्वारा सभी विभागों को भेजे गए पत्र में कहा गया है, संबंधित सभी विभागों से अनुरोध है कि वह कोटक महिंद्रा बैंक में रखे खातों से शेष राशि ट्रांसफर करने और ऐसे खातों को जल्द से जल्द बंद करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए तत्काल कार्रवाई करें। इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा