home page

सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील की खराब क्वालिटी पर सख्ती, डिलीवरी से पहले होगी जांच

 | 

चंडीगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों को मिल रहे खाने की खराब क्वालिटी पर एलिमेंट्री एजुकेशन निदेशालय ने कड़ा रूख अपनाया है। अब जिला स्तर पर शिक्षा अधिकारी न केवल डिलीवरी लेने से पहले सामान की जांच करेंगे बल्कि शिक्षा विभाग ने हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन को भी चेताया है।

हरियाणा के हिसार में हाल ही में एक स्कूल का मामला सामने आया था। जिसमें कई घंटे भिगोने के बाद जब राजमाह उबाले गए तो वह गले नहीं। इसी प्रकार मसाले बासी होने तथा गुड़ की क्वालिटी खराब होने की भी खबरें आई हैं।

पिछले साल नवंबर से हरियाणा शिक्षा विभाग ने चना, सोया, राजमा, बेसन, रागी का आटा, गुड़, दाल, तेल, मूंगफली और मसाले सप्लाई करने के लिए हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन के साथ एक साल का कॉन्ट्रैक्ट किया है। हरियाणा के स्कूलों में खराब सामग्री की सप्लाई को लेकर आए दिन शिकायतें आ रही हैं।

एचएआईसी की तरफ से सप्लाई किए जा रहे खाने के सामान की खराब क्वालिटी के बारे में स्कूल हेड और प्रिंसिपल समेत कई लोगों की शिकायतों के बाद, हरियाणा के एलिमेंट्री एजुकेशन निदेशक की तरफ से सहायक निदेशक (मिड-डे मील) ने एक निर्देश जारी किया है।

सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला एलिमेंट्री शिक्षा अधिकारियों और ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसरों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वह खाने के सामान की क्वालिटी से कोई समझौता न करें। सभी सरकारी स्कूलों के मुख्य अध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वह डिलीवरी लेने से पहले हरियाणा एग्रो से मिले खाने के सामान की जांच करें। स्कूलों को खराब क्वालिटी वाले सामान को बदलवाना होगा। इसी तरह, डिस्ट्रिक्ट और ब्लॉक लेवल के एजुकेशन ऑफिसर को समय-समय पर अचानक जांच करने का निर्देश दिया गया है।

राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य उपाध्यक्ष गोपी चंद ने कहा कि स्कूलों को सप्लाई किए जा रहे खराब क्वालिटी के मसाले, कच्चा माल और दालों के बारे में कई स्कूलों से शिकायतें मिली थीं। यह मामला निदेशालय के समक्ष उठाया गया था। इससे पहले, सरकार स्कूलों को बजट देती थी। उन्होंने कहा कि वह बेहतर था क्योंकि अच्छी क्वालिटी का खाना उपलब्ध कराना स्कूल मैनेजमेंट की ज़िम्मेदारी थी। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड के एमडी को भी पत्र भेजकर गुणवत्ता सुधार के लिए कहा है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा