home page

हरियाणा सरकार एवं हड़ताली कर्मचारियों की वार्ता फिर विफल, जारी रहेगी हड़ताल

 | 

- नगर पालिका कर्मचारी संघ एवं अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने आंदोलन तेज करने की घोषणा की

चंडीगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की सरकार के साथ वार्ता फिर विफल हो गई है। 13 मई को हुए समझौते में मानी गई सभी मांगों के पत्र जारी करने की मांग कर रहे नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को जारी रखने की घोषणा करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता मंत्री कृष्ण बेदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर व प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय के आयुक्त एवं सचिव अशोक मीणा और निदेशक मुकुल कुमार तथा अग्निश्मन विभाग की प्रधान सचिव सुमिता मिश्रा और महानिदेशक शेखर विद्यार्थी के समक्ष कर्मचारी नेताओं ने अपनी मांगें रखी। नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री और महासचिव मांगेराम तिगरा तथा अग्निशमन विभाग के प्रधान राजेंद्र सिंद ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के साथ बातचीत के नाम पर केवल दिखावा कर रही है। आंदोलन तब तक जारी रहेगा,जब तक सरकार 13 मई के समझौते के अनुसार मानी गई मांगों के क्रियान्वयन के पत्र जारी नहीं करती।

इनमें पालिका रोल पर लगे अनुबंध एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, रिक्त पदों पर पक्की भर्ती करना, सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की पक्की भर्ती, फायर विभाग के अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करना तथा फायर के शहीद कर्मचारी भविष्य चंद्र एवं रणवीर के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सहित वर्दी भत्ता, जोखिम भत्ता एवं अन्य मांगें शामिल हैं।

वहीं, दोनों यूनियनों ने निर्णय लिया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी धरना स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा