हरियाणा राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा
चंडीगढ़, 12 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने पांचवें और छठे वेतन आयोग के अनुसार वेतन ले रहे सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी कर दी है। पांचवें वेतन आयोग का लाभ ले रहे कर्मचारियों को अब 474 की बजाय 483 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जिनके डीए में कुल नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इसी तरह छठे वेतन आयोग का लाभ ले रहे कर्मचारियों को 257 की बजाय 262 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इनके डीए में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। बढ़े महंगाई भत्ते का लाभ विगत पहली जनवरी से मिलेगा।
वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। सभी कर्मचारियों को अगले महीने जून में मिलने वाला मई का वेतन बढ़े डीए के साथ मिलेगा। इसके साथ ही जनवरी, फरवरी, मार्च और अप्रैल का कुल चार महीने का एरियर दिया जाएगा। हाल ही में सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन ले रहे सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। इन कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया गया है। हालांकि पांचवें और छठे वेतन आयोग का लाभ ले रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अभी बढ़े महंगाई भत्ते का लाभ नहीं मिल पाएगा। वित्त विभाग ने पेंशनर्स के डीए में बढ़ोतरी नहीं की है। हालांकि, इन पेंशनर्स के डीए में बढ़ोतरी के लिए अलग से आदेश जारी हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

