home page

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष जिलाें में कार्यकर्ताओं से हाेंगे रूबरू

 | 

चंडीगढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा हरियाणा के लिए नियुक्त प्रभारी संजय दत्त तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह 30 जुलाई से 3 अगस्त तक प्रदेश के पांच जिलों के व्यापक संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेता जिला कांग्रेस कार्यकारिणियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के पूर्व प्रत्याशियों, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।

संजय दत्त व प्रदेश अध्यक्ष का यह दूसरा दौरा है। पहले चरण में प्रदेश के पांच जिलों का दौरा सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। दूसरे चरण में 30 जुलाई से 3 अगस्त तक पलवल, नूंह, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों का दौरा किया जाएगा। इसके साथ ही 3 अगस्त तक हरियाणा के कुल 10 जिलों का संगठनात्मक दौरा पूरा हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस दौरान फरीदाबाद जिले की फरीदाबाद, पृथला, बडख़ल, तिगांव, बल्लभगढ़ एवं फरीदाबाद एनआईटी, पलवल जिले की होडल, हथीन एवं पलवल, नूंह जिले की नूंह, पुन्हाना एवं फिरोजपुर झिरका, रेवाड़ी जिले की रेवाड़ी, कोसली एवं बावल तथा गुरुग्राम जिले की गुरुग्राम, बादशाहपुर, सोहना एवं पटौदी विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इसके उपरांत हरियाणा के शेष सभी जिलों का दौरा भी शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि प्रदेश के प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय तथा जनहित के मुद्दों पर प्रभावी बनाया जा सके। कांग्रेस का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना तथा आगामी राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े अभियानों के लिए संगठन को पूरी तरह तैयार करना है। यह संगठनात्मक दौरा उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा