हरियाणा में पांच कांग्रेस विधायकों को दोबारा जारी हुए नोटिस
- हाईकमान ने पहले नाेटिस की गलतियाें काे सुधारा
चंडीगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस ने राज्य सभा चुनाव के दाैरान क्रास वाेटिंग के आराेपी पांच विधायकों को दोबारा नोटिस जारी किया है। यह नोटिस शुक्रवार की रात जारी किए गए हैं। पहले नोटिस की शब्दावली को लेकर आज दिन भर कांग्रेस हाईकमान की कार्यप्रणाली चर्चा का विषय बनी रही। विधायकों पर कार्रवाई को लेकर पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद शुरू से संदेह के दायरे में रहे हैं। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा समेत कई वरिष्ठ विधायक क्रॉस वोटिंग के मामले में पांच विधायकों के नाम लेते रहे हैं। कांग्रेस ने 18 मार्च को बीके हरिप्रसाद ने क्रास वोटिंग के आरोप में चार विधायकों के नाम लिए। जिन्हें उसी दिन पार्टी की तरफ से नोटिस जारी कर दिए गए।
पार्टी प्रभारी पर जब पांचवें विधायक का नाम सार्वजनिक करने का दबाव बढ़ा तो शुक्रवार की सुबह रतिया के विधायक जरनैल सिंह को भी नोटिस जारी कर दिया गया। यह नोटिस सार्वजनिक हुए तो किसी भी नोटिस में विधायकों की क्रास वोटिंग शब्द नहीं लिखा गया था। विधायकों को वोट अमान्य होने का दावा करते हुए नोटिस जारी किया गया।
इसे लेकर पूरा दिन हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। विधायकों को जारी किए गए नोटिस में ढेरों खामियां होने के कारण खुद कांग्रेस हाईकमान उलझती दिख रही थी। बागी विधायकों ने नोटिसों को आधार बनाकर पार्टी को घेरने की तैयारी भी कर ली। जिसके चलते शुक्रवार की रात पांचों विधायकों को नए सिरे से नोटिस जारी किया गया है। इस बार इस नोटिस में क्रॉस वोटिंग करने का जिक्र है। अब नए नोटिस विधायकों के उपर लगाए जा रहे आरोपों के अनुसार ही जारी किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

