home page

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पहले नवरात्रे पर माता मनसा देवी में की पूजा

 | 
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पहले नवरात्रे पर माता मनसा देवी में की पूजा


प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की करी कामना

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी के साथ अश्विन नवरात्र के प्रथम दिन माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की और महामायी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में आयोजित हवन-यज्ञ में भाग लिया और आहुतियां डालीं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अश्विन नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रथम नवरात्र के पावन अवसर पर उन्हें महामायी के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने मां मनसा देवी के चरणों में प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने नवरात्र के शुभ अवसर पर श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, पंचकूला तथा श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं से बातचीत की और इस पुनीत कार्य के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक आर्या, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, मेयर शाम लाल बंसल, हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा