home page

हरियाणा एटीएस ने अंतरराष्ट्रीय नार्को टेरर में सात को किया गिरफ्तार

 | 
हरियाणा एटीएस ने अंतरराष्ट्रीय नार्को टेरर में सात को किया गिरफ्तार


यूएस में बैठे आकाओं के इशारे पर करते थे काम, ड्रग मनी,नशा, हथियारों व आपतिजनक सामग्री की करते थे सप्लाई

चंडीगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेररिज्म नेटवर्क से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे एवं निशानदेही पर अब तक एक एक्सयूवी गाड़ी, एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक मोटरसाइकिल, एक यूएस निर्मित पिस्टल, एक 30 बोर पिस्टल, 3 कैश काउंटिंग मशीन, 5 मोबाइल फोन,12 जिंदा राउंड तथा 529 ग्राम चिट्टा हेरोइन बरामद की गई है।

हरियाणा में एटीएस के गठन के बाद यह पहला मामला सुलझाया गया है। एटीएस के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने मंगलवार को मुख्यालय में जानकारी देते हुए बताया कि 13 सितंबर की अलसुबह पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में फायरिंग की घटना सामने आई थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। फायरिंग की घटना में एक युवती घायल हुई थी, जिसका उपचार कराया गया। इस मामले की जांच के दौरान सामने आया कि पांच युवक दो अलग-अलग गाडिय़ों में क्लब पहुंचे थे। क्लब में शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर उनका आपस में विवाद हो गया, जिसके बाद एक आरोपित ने गाड़ी से पिस्तौल निकालकर दो राउंड फायर कर दिए, जिससे एक युवती घायल हो गई। घायलों को तुरंत अस्पताल भर्ती करवाया गया।

एसपी ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन आरोपितों को घटना के समय मौके से ही काबू किया गया, एक अन्य आरोपित को एसएएस नगर से तथा तीन आरोपितों को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया है। शुरुआत में हुई गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक कैश काउंटिंग मशीन भी बरामद की गई।

पूछताछ और तकनीकी जांच में आरोपितों के अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े होने के महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क के कुछ हैंडलर विदेश, विशेषकर अमेरिका में बैठे हैं, जो आरोपियों को रहने की जगह ,वाहन और रूपये उपलब्ध करवाते है ताकि हथियार और नशीले पदार्थों एवं ड्रग्स मनी को हैंडलर द्वारा दी गई लोकेशन पर तस्करी कर सके। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड को स्थानांतरित की गई। तकनीकी जांच के आधार पर फायरिंग करने वाले एक आरोपित को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। जांच के आधार पर नेटवर्क में इंटरमीडियरी की भूमिका निभाने वाले एक आरोपित को 19 सितंबर को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया। आरोपित को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।

529 ग्राम चिट्टा हेरोइन और हथियार बरामद

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपित की निशानदेही पर एक सुनसान स्थान पर अपनी मोटरसाइकिल में छिपाकर रखी गई 529 ग्राम चिट्टा हेरोइन की खेप बरामद की गई। इसके अलावा आरोपित के अड्डे से तलाशी के दौरान एक 30 बोर पिस्टल, 3 लाइव राउंड तथा कैश काउंटिंग मशीन भी बरामद की गईं। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में एटीएस द्वारा अलग से मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।

ड्रोन से आने वाली नारको और हथियारों की खेप पहुंचाते थे आरोपित

एसपी वरुण सिंगला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। यह नेटवर्क सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से पहुंचने वाली मादक पदार्थों की खेप, हथियारों तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री को निर्धारित ठिकानों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय हैंडलरों का इस्तेमाल करता था। नेटवर्क से जुड़े लोगों को इसके लिए वाहन और धनराशि उपलब्ध कराई जाती थी। उन्होंने बताया कि एटीएस द्वारा पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन, फाइनेंशियल ट्रेल, हथियारों एवं मादक पदार्थों के स्रोत तथा विदेशों में बैठे हैंडलरों से संपर्क की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपितों के मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा