home page

हांसी : जिम संचालक की सुबह सवेरे गोली मारकर हत्या, युवती भी घायल

 | 
हांसी : जिम संचालक की सुबह सवेरे गोली मारकर हत्या, युवती भी घायल


हांसी : जिम संचालक की सुबह सवेरे गोली मारकर हत्या, युवती भी घायल


पीठ और सिर में मारी गईं गोलियां, कुछ दिन पहले ही की थी लव मैरिज

हांसी, 11 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित फव्वारा चौक के समीप गुरुवार

सुबह युवाओं को जिम करवा रहे जिम संचालक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा

कर हत्या कर दी गई। हमले में उसके साथ मौजूद एक युवती भी घायल हो गई। वारदात के बाद

हमलावर युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। हत्या की वारदात से

इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

मृतक की पहचान हांसी की शांति निकेतन कॉलोनी में रह रहे जींद जिले के गांव

डाडम निवासी 25 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। हमलावर युवकों द्वारा कपिल पर की गई

फायरिंग के दौरान छर्रे लगने से वहां एक्सरसाइज कर रही शिखा नामक युवती भी घायल हो

गई और उसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने

पर शहर थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को

कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

प्रारंभिक जानकारी के

अनुसार मृतक की कुछ दिन पहले ही लव मैरिज हुई थी, जिसके चलते पुलिस इस एंगल से भी जांच

कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिम संचालक कपिल फव्वारा चौक पर लड़के-लड़कियों

को अभ्यास करवा रहा था कि इसी दौरान बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने कपिल

पर पीछे से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायर किए। गोलियां

युवक की पीठ और सिर में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवती

को भी गोली लगने से चोटें आईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों

ने युवक को मृत घोषित कर दिया। हांसी में तड़के ही हुए इस हत्याकांड ने हांसी में कानून-व्यवस्था

को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेआम हुई इस वारदात से शहर में भय और आक्रोश

का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके से गोलियों के खोल और अन्य साक्ष्य

जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान

की जा सके। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने हाल ही में प्रेम

विवाह किया था। ऐसे में पुलिस ऑनर किलिंग, पारिवारिक रंजिश और पुरानी दुश्मनी सहित

विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि अभी तक हत्या के पीछे के कारणों का आधिकारिक

खुलासा नहीं हुआ है।

वारदात के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों ने

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का

कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार

कर लिया जाएगा। पुलिस युवती के बयान के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का

प्रयास करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर