home page

गुरुग्राम में युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान, 10 मीटर दूर जाकर गिरी गर्दन

 | 

-युवक ने तीन दिन पहले ही ज्वाइन की थी नौकरी

गुरुग्राम, 28 सितंबर (हि.स.)। सोमवार को यहां एक 29 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसा इतना भयावह था कि युवक की गर्दन धड़ से अलग होकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरी। सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान राजेंद्र पार्क निवासी मोहित (29) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मोहित अविवाहित था और नौकरी की तलाश में गुरुग्राम आया था। उसने तीन दिन पहले ही दौलताबाद फ्लाईओवर के पास स्थित एक मेगा मॉल में नई नौकरी शुरू की थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को मोहित अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और आती ट्रेन के सामने कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसका शव क्षत-विक्षत हो गया। घटना की सूचना स्टेशन मास्टर ने तुरंत राजकीय रेलवे पुलिस को दी। जांच अधिकारी बाबूलाल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक पर बिखरे शव के हिस्सों को एकत्र कर नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

मानसिक तनाव के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

जांच अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। मोहित के मोबाइल की कॉल डिटेल, मैसेज और उसके निजी व पेशेवर जीवन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। उसके परिजनों और दोस्तों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही राजेंद्र पार्क स्थित उसके घर में मातम पसर गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर