home page

गुरुग्राम: रंजिश में गांव कारौला में युवक की हत्या के मामले में 11वां आरोपी गिरफ्तार

 | 

-कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई थार गाड़ी बरामद

-अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, पहले 9 आरोपी रोहतक से पकड़े गए थे

गुरुग्राम, 06 नवंबर (हि.स.)। गांव कारौला में रंजिश के कारण हुई सागर की हत्या के मामले में अपराध शाखा फर्रूखनगर की पुलिस टीम ने 11वें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राहुल सेहरावत (उम्र-20 वर्ष) निवासी गांव भैंसरु जिला रोहतक, हाल निवासी प्रगति नगर, सोनीपत के रूप में हुई है। आरोपी को गुरुग्राम रोड बाईपास, झज्जर से 4 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश कर उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई एक थार गाड़ी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, छह अगस्त 2026 को थाना फर्रूखनगर में गांव कारौला में मारपीट व गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल में सागर की गोली लगने से मौत हो गई थी, वहीं एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। घायल शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि तीन अगस्त 2026 को वह अपने भाई होशियार के साथ अपनी रेंटल की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव का सचेत नामक व्यक्ति वहां आया और कहासुनी हो गई। इसके बाद सचेत ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके परिजनों के साथ मारपीट की। छह अगस्त को उसका दूसरा भाई सागर, जो बेंगलुरु में काम करता था, पटौदी बस स्टैंड पर आया था। शिकायतकर्ता उसे लेकर घर जा रहा था। रास्ते में कुछ कार सवार व्यक्तियों ने उनका पीछा किया। घर के अंदर पहुंचते ही हथियारों से लैस व्यक्ति घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। इसी दौरान जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जो सागर को लगी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत पर थाना फर्रूखनगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

इस मामले में पुलिस ने आठ अगस्त 2026 को आजादगढ़, रोहतक से नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान ओम निवासी भाभेवा जिला झज्जर, साहिल निवासी चिमनी जिला झज्जर, गौतम निवासी धनाना जिला सोनीपत, सचेत उर्फ मुन्ना निवासी कारौला गुरुग्राम, विनय कुमार निवासी मेहराना झज्जर, सुनील उर्फ अभिषेक उर्फ खोटा निवासी खिलौड़ सोनीपत, मंदीप उर्फ डिप्पी निवासी खिलौड़ सोनीपत, अश्वनी निवासी खिलौड़ सोनीपत और अनुश उर्फ चिनू निवासी सोनीपत के रूप में हुई थी। पूछताछ में पता चला कि सचेत उर्फ मुन्ना की शिकायतकर्ता पक्ष से रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी पूर्व नियोजित साजिश के तहत अपने साथियों के साथ कई वाहनों में सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। हथियारों और लाठियों से लैस होकर घर में घुसे और सागर व उसके भाई के साथ मारपीट की।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर