home page

गुरुग्राम: पीजी में युवती की चाकू से हत्या करके इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

 | 

-पीजी में खून से लथपथ मिला युवती का शव

-मोबाइल, चैट और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

गुरुग्राम, 12 जुलाई (हि.स.)। सेक्टर-56 क्षेत्र में पीजी में युवती की चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद इंजीनियर युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। रविवार को इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दोनों के बीच संबंधों और विवाद के कारणों की जांच कर रही है।

जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी श्रेष्ठ मलिक गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। वह सेक्टर-56 स्थित क्लाउड नाइन पीजी में रहता था। रविवार दोपहर पीजी में रह रहे अन्य लोगों ने एक कमरे से खून बहता देखा तो पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-56 थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।

दरवाजा तोडक़र अंदर प्रवेश किया गया, जहां युवती का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चाकू के कई गहरे वार के निशान मिले। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवती की पहचान यूपी मूल की इशिका के रूप में बताई गई है। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क कर रही है।

वहीं पुलिस को सूचना मिली कि गढ़ी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में की। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि युवती की हत्या करने के बाद वह रेलवे स्टेशन पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे ट्रैक पर उसका शव दो हिस्सों में मिला।

सेक्टर 56 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस दोनों के बीच क्या विवाद था और हत्या क्यों की गई, इस बारे में परिवार और दोस्तों से पूछताछ करेगी। साथ ही युवक व युवती के फोन की काल डिटेल और चैट खंगालकर भी जानकारी जुटाई जाएगी। पीजी में रहने वाले अन्य लोगों से भी बयान लिए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर