home page

गुरुग्राम: मेटा इंडिया कार्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस ने दिया धरना

 | 
गुरुग्राम: मेटा इंडिया कार्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस ने दिया धरना


-पुलिस की रोक के बावजूद कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

-पुलिस ने झड़प के बीच कई कार्यकर्ताओ को हिरासत में लिया

गुरुग्राम, 28 नवंबर (हि.स.)। गुरुग्राम स्थित मेटा इंडिया मुख्यालय के बाहर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में शनिवार को युवा कांग्रेस ने हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक आवाजों को कथित रूप से दबाए जाने के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाने, सरकार से सवाल पूछने और युवाओं के मुद्दों को देश के सामने रखने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। ऐसे में यदि किसी राजनीतिक विचारधारा, संगठन या विपक्ष की आवाज को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से दबाने का प्रयास किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर की जा रही कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मेटा प्रबंधन को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किन नियमों और आधारों पर ये कार्रवाई की जा रही है। यदि कोई अकाउंट नियमों का उल्लंघन करता है तो उसकी निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए, लेकिन नियमों का इस्तेमाल किसी की राजनीतिक आवाज दबाने के लिए नहीं होना चाहिए। चिब ने आगे कहा कि सोशल मीडिया कंपनियां लोकतंत्र में बड़ी भूमिका निभा रही हैं और उनकी जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्षता, पारदर्शिता और समानता के सिद्धांतों पर काम करें। किसी भी सरकार, राजनीतिक दल या विचारधारा के दबाव में आकर कार्रवाई करना स्वीकार्य नहीं हो सकता। युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया अकाउंट बंद या प्रतिबंधित किए गए हैं। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए विरोध दर्ज करवाया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर