home page

गुरुग्राम : योग दिवस पर खेल मंत्री ने युवाओं से किया योगयुक्त व नशामुक्त हरियाणा का आह्वान

 | 
गुरुग्राम : योग दिवस पर खेल मंत्री ने युवाओं से किया योगयुक्त व नशामुक्त हरियाणा का आह्वान


गुरुग्राम : योग दिवस पर खेल मंत्री ने युवाओं से किया योगयुक्त व नशामुक्त हरियाणा का आह्वान


गुरुग्राम : योग दिवस पर खेल मंत्री ने युवाओं से किया योगयुक्त व नशामुक्त हरियाणा का आह्वान


गुरुग्राम में योग दिवस कार्यक्रम में पहुंचे खेल मंत्री

गुरुग्राम, 21 जून (हि.स.)।

12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार की सुबह जिला गुरुग्राम में स्वस्थ आयु के लिए योग तथा योगयुक्त, नशामुक्त हरियाणा थीम के साथ मनाया गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर डीसी उत्तम सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित योग दिवस समारोह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं योग प्रदर्शन का सीधा प्रसारण देखा। साथ ही पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भी लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए।

लाइव प्रसारण के उपरांत योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हजारों प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि योग केवल भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों की अमूल्य देन ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाने वाला विज्ञान है। उन्होंने कहा कि आज योग दिवस केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व के विभिन्न देशों में करोड़ों लोग योग को अपनाकर इसके महत्व को समझ रहे हैं। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक ज्ञान की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव रखता है और स्वस्थ समाज ही एक मजबूत तथा विकसित राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

गौरव गौतम ने कहा कि बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर और योग से जोड़कर ही एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।

उन्होंने सभी लोगों से योग दिवस के अवसर पर योग अपनाने, नशे से दूर रहने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने मुख्यातिथि गौरव गौतम को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डीसी उत्तम सिंह, सीपी शिवास कविराज, डीसीपी ईस्ट संदीप मलिक, एएलसी एवं योग दिवस के नोडल अधिकारी कुशल कटारिया, सीटीएम ज्योति नागपाल, खेल उपनिदेशक गिर्राज सिंह, जिला आयुष अधिकारी डॉ मंजू कुमारी, जिला खेल अधिकारी आरती कोहली, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, एईओ जगदीश अहलावत,

भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला आयुष विभाग से डॉ मोनिका, डॉ गीतांजलि, डॉ विकास, डॉ भूदेव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर