home page

गुरुग्राम: महिलाओं के प्रति सरकार गंभीर होती तो लागू हो जाता 2023 का अधिनियम: डा. रागिनी नायक

 | 
गुरुग्राम: महिलाओं के प्रति सरकार गंभीर होती तो लागू हो जाता 2023 का अधिनियम: डा. रागिनी नायक


-33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग

-परिसीमन को बताया हिस्सेदारी पर चोट

गुरुग्राम, 25 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कहा कि देश की आधी आबादी अपना संवैधानिक अधिकार लेकर रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे को टालने के लिए तकनीकी बहाने और राजनीतिक रणनीति का सहारा ले रही है। यह बात उन्होंने शनिवार को बादशाहपुर स्थित कांग्रेस ग्रामीण कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही।

डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि नारी शक्ति केवल कोमल नहीं, बल्कि सशक्त है। समाज को जीवन देने वाली शक्ति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नरेंद्र मोदी सरकार यदि महिलाओं के प्रति गंभीर होती तो 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को अब तक लागू कर चुकी होती। उनका आरोप था कि सरकार ने तीन साल तक इस कानून को ठंडे बस्ते में रखा और अब चुनावी समय में इसे मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल 2026 को विपक्ष की एकजुटता ने विभाजनकारी एजेंडे को रोक दिया, जो संविधान और लोकतंत्र की जीत है। डॉ. नायक ने जोर देकर कहा कि महिला आरक्षण बिल गिरा नहीं है, बल्कि सरकार द्वारा लाया गया विवादित संशोधन प्रस्ताव असफल हुआ है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने मांग रखी कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों पर तुरंत 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाए और इसमें दलित, आदिवासी तथा पिछड़े वर्ग की महिलाओं को भी उचित हिस्सेदारी मिले। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा कोई परिसीमन स्वीकार नहीं होगा, जिससे दक्षिण, पूर्वोत्तर या छोटे राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी कम हो। डॉ. नायक ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा महिला आरक्षण को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने याद दिलाया कि पंचायत और स्थानीय निकायों में 33त्न आरक्षण का रास्ता कांग्रेस ने ही खोला था, जिससे आज लाखों महिलाएं नेतृत्व में हैं। सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कई घटनाओं में पीडि़तों को न्याय नहीं मिला और केंद्र की चुप्पी चिंता का विषय रही। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपमान नहीं भूलतीं और समय आने पर जवाब देती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि मानसून सत्र में महिला आरक्षण को बिना शर्त लागू किया जाए और सभी वर्गों की महिलाओं को इसमें समान अवसर मिले। इस अवसर पर ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव, महिला कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष सेलजा भाटिया, शहरी अध्यक्ष पूजा शर्मा, अनुसूचित विभाग प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता वर्मा, जिला उपाध्यक्ष मुकेश पवन चौधरी, जिला महासचिव निर्मल यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर