home page

गुरुग्राम के वर्ल्ड मार्क में सजा ब्लू बिंदी वीमेन एंटरप्रेन्योर्स बाजार-2026

 | 
गुरुग्राम के वर्ल्ड मार्क में सजा ब्लू बिंदी वीमेन एंटरप्रेन्योर्स बाजार-2026


महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए महिला केंद्रित पहल रही सराहनीय

गुरुग्राम, 07 मार्च (हि.स.)। महिलाओं की आत्मनिर्भरता दिखाने के लिए यहां सेक्टर-65 स्थित वल्र्ड मार्क में ब्लू बिंदी वीमेन एंटरप्रेन्योर्स बाजार-2026 सजा। इसमें भाग लेने वाली महिलाओं ने अनेक प्रोडक्ट को अपने प्रतिष्ठान पर सजाए। इस आयोजन के लिए देशभर से 200 से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया था। इस ब्लू बिंदी कार्यक्रम के तहत वित्तीय ज्ञान और व्यावसायिक पहचान के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट के अध्यक्ष एवं प्रमुख राहुल जैन ने शनिवार काे कहा कि महिलाओं को वित्तीय जानकारी और आत्मविश्वास से सशक्त बनाना एक दूरगामी सकारात्मक प्रभाव पैदा करता है। ब्लू बिंदी और वी-बाजार 2026 जैसी पहलों के माध्यम से उद्देश्य महिलाओं को अपनी वित्तीय यात्रा की कमान संभालने, सोच-समझकर निवेश संबंधी निर्णय लेने और स्थायी संपत्ति बनाने में सक्षम बनाना है। यह उन महिलाओं का उत्सव है जो न केवल अपने भविष्य के लिए निवेश कर रही हैं, बल्कि एक मजबूत और अधिक समावेशी आर्थिक व्यवस्था को आकार देने में भी योगदान दे रही हैं। ब्लू बिंदी नुवामा का एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जो वित्तीय साक्षरता और आत्मविश्वास के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित है। कार्यशालाओं, डिजिटल कंटेंट और जमीनी गतिविधियों के जरिए यह पहल अब तक 10 लाख से अधिक महिलाओं तक पहुंच चुकी है। वी-बाजार 2026 के इस संस्करण ने इस उद्देश्य को और विस्तार देते हुए महिलाओं को न केवल संपत्ति निर्माता (वेलथ क्रियेटर्स), बल्कि उद्यमियों के रूप में भी सम्मानित किया। इस साल के आयोजन के मुख्य विषय महिला-नेतृत्व वाले सामाजिक प्रभाव वाले व्यवसाय, महिलाओं द्वारा महिलाओं का उत्थान और महिलाओं के सहयोगी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर