home page

गुरुग्राम में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप लगा मायके वालों ने काटा बवाल

 | 
गुरुग्राम में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप लगा मायके वालों ने काटा बवाल


-आरोप, दामाद कर चुका है तीन शादियां, भाई को छेड़छाड़ केस से बचाने के लिए 25 लाख मांगे

गुरुग्राम, 14 अक्टूबर (हि.स.)। एक महिला की मौत के बाद बुधवार सुबह उसके मायके वालों ने हंगामा कर दिया। उत्तर प्रदेश से पहुंचे परिजनों को घर पर ताला लगा मिला। उन्होंने ताला तोडक़र घर के अंदर प्रवेश किया, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बाद में उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी का शव अस्पताल में है। महिला के पिता का कहना है कि उनके दामाद के भाई पर छेड़छाड़ और हत्या का केस है। उसके लिए ये लोग 25 लाख रुपए मांग रहे थे। रुपये नहीं देने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दामाद पहले तीन शादियां कर चुका है। पिता ने बेटी के पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ फर्रुखनगर थाने में शिकायत दी है।

हापुड़ जिले के पिलखुवा स्थित खेड़ा गांव निवासी अनिल शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी भावना (28) की शादी 16 दिसंबर 2023 को फर्रुखनगर निवासी गौतम शर्मा से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उनसे 25 लाख रुपए मांग रहा था। गौतम ने बताया था कि उसके भाई पर छेड़छाड़ और हत्या से जुड़ा केस है, जिसके लिए 25 लाख रुपए चाहिए। वह अब तक 2.5 लाख रुपए दे चुके थे। भावना पिछले चार-पांच महीने से मायके में रह रही थी और हाल ही में ससुराल लौटी थी।

अनिल शर्मा ने आगे बताया कि मंगलवार देर रात गौतम ने उन्हें फोन करके कहा कि भावना की मौत हो गई है, आ जाओ। इस सूचना पर वे तुरंत गुरुग्राम पहुंचे। वहां पहुंचने पर भावना के ससुराल में ताला लटका मिला। इसके बाद उन्हें पता चला कि भावना का शव सेक्टर-88 स्थित एक अस्पताल में रखा है। अब अस्पताल प्रबंधन उनसे डेढ़ लाख रुपए का बिल मांग रहा है। पिता ने आरोप लगाया कि गौतम और उसका परिवार भावना के शव को अस्पताल में ही छोडक़र फरार हो गया है और उनका कोई पता नहीं चल रहा है। वे भावना के 10 महीने के मासूम बेटे को भी अपने साथ ले गए हैं। न्होंने मांग की है कि भावना की हत्या में शामिल उसके पति गौतम, ससुर बिजेंद्र, सास और देवर अंशु के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। फर्रुखनगर थाना प्रभारी महावीर ने बुधवार को बताया कि मायके वालों की शिकायत ले ली है। दहेज हत्या और प्रताडऩा की धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर