गुरुग्राम में अर्धनग्न हालत में मिला महिला का शव
-शरीर पर चोट के निशान नहीं, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही
गुरुग्राम, 20 जुलाई (हि.स.)। सेक्टर-10 थाना क्षेत्र के बसई चौक के पास सोमवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका का शव बेहद संदिग्ध और अर्धनग्न हालत में बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार सुबह राहगीरों ने बसई चौक के पास एक महिला का शव पड़ा देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो महिला के शरीर के नीचे के कपड़े घुटनों तक खिसके हुए थे और ऊपर के कपड़े भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हालत में थे। शव की इस स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है। चौंकाने वाली बात यह रही कि शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट या गंभीर जख्म के निशान नहीं मिले हैं। इससे मौत के असल कारणों को लेकर सस्पेंस और गहरा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। सेक्टर-10 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
सीटीवी और गुमशुदगी रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब आसपास लगे सीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि शव को वहां कौन छोडक़र गया। इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों की भी जांच की जा रही है, ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

