गुरुग्राम: डीएलएफ में बाथरूम में मिला बुजुर्ग का गला सड़ा शव
गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। डीएलएफ फेज-2 थाना क्षेत्र के एक मकान की दूसरी मंजिल के बाथरूम में महिला का गली सड़ी हालत में शव मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी अनुसार डीएलएफ फेज-2 निवासी रीटा बक्शी (74) अपनी बेटी रजनी बक्शी के साथ घर में रहती थीं। रजनी बक्शी ने डीएलएफ फेज-2 थाने में 28 मई को पुलिस को मां की गुमशुदगी की शिकायत दी थी। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनकी मां 25 मई से लापता हैं।
शिकायत के बाद पुलिस दो बार उनके घर गई, लेकिन महिला के बारे में काेई जानकारी नहीं मिली। 30 मई की शाम को घर से बदबू आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई तो महिना का शव सड़ी-गली हालत में दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में मिला। पुलिस को आशंका है कि महिला पैर फिसलने से बाथरूम में गिरने से सिर पर चोट लगी व मौत हो गई। पुलिस विभिन्न बिंदुओं से मामले की जांच कर रही है। इसके बारे में महिला की बेटी से पूछताछ के अलावा पड़ोसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
डीएलएफ फेज-2 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण कांत ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

