home page

गुरुग्राम: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता: उषा प्रियदर्शी

 | 
गुरुग्राम: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता: उषा प्रियदर्शी


गुरुग्राम, 20 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग किसी भी महिला या लडक़ी के शोषण, मानव तस्करी, जबरन देह व्यापार अथवा किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह बात उन्होंने रविवार को यहां पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उनके साथ एसीपी मुख्यालय-1 एवं अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी अभिलक्ष जोशी भी मौजूद रहे।

उषा प्रियदर्शी ने कहा कि आयोग और पुलिस द्वारा शहर के स्पा सेंटर्स पर की गई छापेमारी का उद्देश्य केवल संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि ऐसी परिस्थितियों में फंसी महिलाओं एवं लड़कियों की पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति को समझना और उन्हें आवश्यक सहायता, संरक्षण तथा कानूनी सहयोग उपलब्ध करवाना भी है। उषा प्रियदर्शी ने बताया कि कुछ पीडि़त लड़कियों ने काउंसलिंग के दौरान यह भी बताया कि उन्हें डराकर, धमकाकर अथवा उनकी इच्छा के विरुद्ध इन गतिविधियों में लाया गया। इन सभी गंभीर आरोपों की पुलिस द्वारा विधि सम्मत जांच की जा रही है। पीडि़त लड़कियों की काउंसलिंग लगातार जारी है। काउंसलिंग एवं जांच के दौरान जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उन्हें कानून के अनुसार संबंधित पुलिस एवं सक्षम एजेंसियों के समक्ष रखा जाएगा। उषा प्रियदर्शी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक स्पा सेंटर से एक हथियार भी मिला है। हथियार की प्रकृति तथा उससे जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में जो भी तथ्य जांच के दौरान सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पीडि़ता द्वारा कुछ व्यक्तियों के नाम भी बताए गए। उन्होंने कहा कि इन तथ्यों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए महिला आयोग ने आगे स्वत: संज्ञान लिया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जानकारी उपलब्ध करवाई गई। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जांच का दायरा आगे बढ़ाया गया। एक पीडि़ता ने अत्यंत गंभीर तथ्य सामने रखे। उसके द्वारा बताया गया कि नाबालिग अवस्था में ही उसका कथित रूप से शोषण किया गया तथा कुछ व्यक्तियों द्वारा उसे इन गतिविधियों में धकेले जाने की जानकारी दी गई। उषा प्रियदर्शी ने बताया कि अभियान के तहत 18 सितंबर की रात सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल में संचालित 18 स्पा सेंटरों पर गुरुग्राम पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर