home page

गुरुग्राम: साइबर अपराध से बचें, मोबाइल का सही इस्तेमाल करें विद्यार्थी: मीना परमार

 | 
गुरुग्राम: साइबर अपराध से बचें, मोबाइल का सही इस्तेमाल करें विद्यार्थी: मीना परमार


-हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने युवाओं से किया आह्वान

गुरुग्राम, 15 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को अच्छी शिक्षा और कौशल के साथ अपने संस्कारों को भी साथ लेकर आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार और सही दिशा में करने, साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। यह बात उन्होंने मंगलवार को केआर मंगलम विश्वविद्यालय में वंदे मातरम् के 150 गौरवशाली वर्ष एवं हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय भाषण एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता में कहीं।

मीना परमार ने महिलाओं और बेटियों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् देश के सम्मान, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक है। इसके रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों की राष्ट्रभक्ति और आजादी के जज्बे का प्रतीक बन गया। मीना परमार ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार युवाओं और महिलाओं को केंद्र में रखकर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढऩे के अवसर दे रही हैं। स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और स्किल इंडिया जैसे प्रयासों से युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल हासिल करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढऩे का अवसर मिल रहा है। युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने कौशल को भी मजबूत करना चाहिए। साइबर अपराध को लेकर मीना परमार ने विद्यार्थियों को सावधान करते हुए कहा कि अनजान वेबसाइट, लिंक या संदेश पर बिना सोचे क्लिक न करें।

महिला सुरक्षा के संबंध में उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों को किसी भी तरह की घटना होने पर डरने की जरूरत नहीं है। वे अपने नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करा सकती हैं। कार्यस्थल पर किसी महिला के साथ परेशानी होने पर वह संस्थान की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (आईसीसी) में अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आयोजित भाषण एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचार, अभिव्यक्ति और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर