home page

गुरुग्राम: महिला कैब चालक का रास्ता रोककर की मारपीट

 | 
गुरुग्राम: महिला कैब चालक का रास्ता रोककर की मारपीट


नूंह/गुरुग्राम, 08 मई (हि.स.)। डीएलएफ फेज-तीन थाना क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर एंबियस मॉल के सामने महिला कैब चालक का रास्ता रोककर मारपीट की गई। इस मामले में पीडि़त की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के बदरपुर निवासी रजनी ने बताया कि वह दिल्ली एनसीआर में कैब चलाती है। गुरुवार की शाम को वह दिल्ली से गुरुग्राम कैब लेकर दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान एंबियस मॉल के पास बाइक सवार ने उनकी गाड़ी के आगे बाइक लगा दी। इस कारण उसे इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकनी पड़ी। आरोप है कि गाड़ी रुकते ही बाइक चालक ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर