home page

गुरुग्राम में महिला बाइकर को कार की टक्कर मारने का आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

 | 
गुरुग्राम में महिला बाइकर को कार की टक्कर मारने का आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार


-आरोपी के खिलाफ पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया

गुरुग्राम, 15 सितंबर (हि.स.)। कार से महिला बाइक राइडर को गोल्फ कोर्स रोड पर टक्कर मारने के सनसनीखेज रोड रेज मामले में गुरुग्राम पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वायरल वीडियो के आधार पर स्वत: संज्ञान लेकर दर्ज किए गए केस में अब पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी है। साथ ही आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस की ओर से मंगलवार को बताया कि थाना सेक्टर-56 में दर्ज केस में सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 जोड़ी गई है। इस धारा में 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।

बता दें कि सोमवार 14 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार चालक द्वारा महिला बाइक राइडर को जान-बूझकर टक्कर मारते हुए देखा गया था। वीडियो में साफ दिख रहा था कि कार चालक ने लापरवाही नहीं, बल्कि इरादतन महिला को टक्कर मारी। वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने बिना किसी शिकायत का इंतजार किए स्वत: संज्ञान लिया और थाना सेक्टर-56 में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संदीप कुमार ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दी गई कि इस मामले में जब पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो मामला सामान्य एक्सीडेंट का नहीं, बल्कि हत्या के प्रयास का निकला। फुटेज में कार चालक की हरकत साफ तौर पर महिला को गंभीर नुकसान पहुंचाने की नीयत वाली दिखी। इसी आधार पर पुलिस ने केस में बीएनएस की धारा 109 भी जोड़ी है।

उन्होंने बताया कि आरोपी कार चालक मीडिया को इस घटना के संबंध में साक्षात्कार देकर पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन बंद करके फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई। अपराध शाखा सोहना की पुलिस टीम ने आरोपी को बुधवार 15 सितंबर 2026 को दौसा-राजगढ़ के बीच से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला (उम्र-33 वर्ष) निवासी चांदहट जिला पलवल के रूप में हुई है। आरोपी को काबू करने के बाद आरोपी द्वारा पेशाब करने के बहाने पुलिस से भागने की कोशिश की गई। इस दौरान गिरने से कुछ चोटें आई हैं। जिसका अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाया गया है। आरोपी के कब्जा से घटना में उपयोग की गई एक कार बरामद की गई है, जो आरोपी के दोस्त के नाम है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर