अपडेट-- गुरुग्राम: पति की महिला दोस्त समझकर अस्पताल में दूसरी महिला पर फेंका टॉयलेट क्लीनर
चुन्नी का रंग देखकर गलतफहमी में टॉयलेट क्लीनर फेंकने की कही बातपुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर की पूछताछगुरुग्राम, 09 मार्च (हि.स.)। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में रविवार की देर रात जमकर बवाल हुआ। यहां उपचार करवाने पहुंची एक महिला पर दूसरी महिला ने ज्वलनशील पदार्थ फेंका। महिला का आरोप था कि एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। उस युवक ने उसके साथ मारपीट की थी। उसी ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकवाया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक व एक महिला को काबू किया। पूछताछ में पता चला कि युवक का इसमें कोई रोल नहीं। महिला ने गलतफहमी में ज्वलनशील पदार्थ फेंका था। महिला ने इसे टॉयलेट क्लीनर बताया है।जानकारी के अनुसार रविवार देर रात एक महिला इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर 10 में पहुंची थी। इस दौरान एक महिला ने अस्पताल के आपातकालीन विभाग में घुसकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर हमला कर दिया। यह सूचना पाकर थाना सेक्टर-10ए पुलिस अस्पताल पहुंची। डॉक्टर द्वारा महिला को बयान देने के लिए फिट घोषित करने के बाद महिला का बयान दर्ज किया गया। घायल महिला ने अपने बयान में बताया कि वह करीब चार वर्ष पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आई थी। यहां पवन नामक व्यक्ति के साथ सेक्टर-72 गुरुग्राम में एक फ्लैट में रह रही थी। रविवार आठ मार्च 2026 को पवन ने उसके साथ मारपीट की। जब वह सिविल अस्पताल सेक्टर-10 में इलाज करवाने पहुंची, इस दौरान उस पर एसिड फेंक दिया। जिससे उसके कपड़े जल गए। इस शिकायत के आधार पर एसिड अटैक के संबंध में थाना सेक्टर-10ए गुरुग्राम में एक केस तथा मारपीट करने से संबंधित एक केस बादशाहपुर थाना में दर्ज किया गया। पीडि़त महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। अपराध शाखा सेक्टर-10 गुरुग्राम की टीम ने इस मामले में आरोपी पवन निवासी जिला रेवाड़ी को गुरुग्राम से काबू किया गया। साथ ही एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिला साक्षी निवासी बावल जिला रेवाड़ी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने अपने पति की दोस्त के धोखे में चुन्नी का रंग देखकर गलतफहमी से दूसरी महिला पर टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया। उसने बताया कि उसका अपने पति की दोस्त मीनाक्षी के साथ झगड़ा हुआ था। वह भी यहां सेक्टर-10 अस्पताल में इलाज कराने आई थी। उसकी चुन्नी से गलतफहमी में आकर उसने टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि इस घटना में पवन का कोई रोल, भूमिका सामने नहीं आई है। गिरफ्तार महिला से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

