home page

गुरुग्राम ः एलान मॉल के पास जंगल क्षेत्र में 42 वर्षीय महिला का शव बरामद, हत्या की आशंका

 | 

गुरुग्राम, 13 जून (हि.स.)। सेक्टर-89 स्थित एलान मॉल के सामने जंगल क्षेत्र में एक महिला का निर्वस्त्र शव बरामद होने से सनसनी फैल गई है। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में मिला है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र करीब 42 वर्ष आंकी गई है। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में मिला, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी। गर्मी और उमस के कारण शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों, कॉलोनियों और सोसाइटियों में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पिछले एक सप्ताह के दौरान दर्ज महिलाओं की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही हैं। शव पर कपड़ों का न होना और जंगल में इस तरह मिलना मामले को संदिग्ध बना रहा है। पुलिस दुर्घटना और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि महिला की पहचान और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और किसी तरह के दुर्व्यवहार की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर