गुरुग्राम से शराब के ठेके से लूटकर कोलकाता जाकर की पार्टी
-50 से अधिक सीसीटीवी खंगालने पर पकड़े गए शराब ठेके से लूट के आरोपी
-एमजी रोड पर शराब के ठेके से की थी नकदी की चोरी
गुरुग्राम, 07 अप्रैल (हि.स.)। यहां एमजी रोड पर शराब के ठेके से 5.20 लाख रुपये की चोरी करने के आरोपियों को सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच ने दबोचा है। आरोपियों को पकडऩे के लिए क्राइम ब्रांच की टीमों ने 50 सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों के खिलाफ हरियाणा व राजस्थान में दो दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।
एमजी रोड पर शराब के ठेकेदार रोहित ने तीन अप्रैल 2026 को पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें कहा था कि उसके शराब के ठगे पर दो युवक घुसे और 5.20 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस मामले में सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि टीम ने ठेके में चोरी की वारदात के बाद आसपास लगे 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद आरोपियों की मूवमेंट का पता लगाया। योजना बनाकर उन्हें गुरुग्राम से काबू किया गया है। आरोपियों की पहचान असलम उर्फ ताई निवासी सुनारी जिला नूंह और इस्लाम उर्फ टूटी निवासी रावली, थाना फिरोजपुर झिरका के रूप में हुई है। आरोपी असलम पर हरियाणा व राजस्थान में 20 से ज्यादा केस दर्ज हैं। इस्लाम पर राजस्थान में तीन केस दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ गुरुग्राम में सात केस पहले से दर्ज हैं। इन केस में अधिकतर चोरी, लूट और आम्र्स एक्ट के केस शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी असलम ने बताया कि वह चोरी करने के बाद कोलकाता जाकर पार्टी करता था। उसकी ससुराल कोलकाता में है। उसकी पत्नी भी वहीं रहती है। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद वह नियमित रूप से कोलकाता भाग जाता था। वहां पर पत्नी के साथ रहकर वह लूट के पैसे से मौज-मस्ती करता था। दूसरा आरोपी इस्लाम भी असलम के साथ वारदातों में शामिल रहता था।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

