home page

गुरुग्राम: पत्नी की हत्या के मामले में पति को हथियार देने वाला गिरफ्तार

 | 

गुरुग्राम, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मानेसर में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में क्राइम ब्रांच मानेसर ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ही हत्या में इस्तेमाल हथियार उपलब्ध कराया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक (19) निवासी गांव अड़ींग, जिला मथुरा, यूपी के रूप में हुई है। उसे 17 अक्टूबर को मानेसर से गिरफ्तार किया गया।

बता दें कि 22 मई 2026 को एक महिला ने थाना मानेसर में शिकायत दी थी कि उसकी 22 वर्षीय बेटी की शादी फरवरी 2026 में मानेसर निवासी अंकित से हुई थी। 21 मई को बेटी के लापता होने की सूचना मिली। ससुराल पक्ष से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया। जांच के दौरान 22 मई को ही लापता महिला का शव मानेसर के एक कमरे से बरामद हुआ। उसे गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद केस में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी पति अंकित (25) और उसकी प्रेमिका रजनी देवी (38) निवासी औरंगाबाद जिला झज्जर को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में सामने आया था कि अंकित और रजनी का पिछले 3 साल से अफेयर चल रहा था। रजनी मानेसर में किराए पर रहती थी। 21 मई को अंकित सुनियोजित तरीके से अपनी पत्नी को रजनी के कमरे पर ले गया और वहां गोली मारकर हत्या कर दी। हथियार वह 2 महीने पहले ही यूपी से लाया था। वारदात के बाद दोनों हरिद्वार होते हुए नेपाल भाग गए थे और 30 जून को भारत लौटे थे। अब पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर