home page

गुरुग्राम में होगा विकसित भारत संकल्प सभा का मुख्य कार्यक्रम

 | 

चंडीगढ़, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सात अक्टूबर को देश के करीब 750 जिलों में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को वर्चुअल मोड पर संबोधित करेंगे। हरियाणा में मुख्य कार्यक्रम गुरुग्राम में होगा। जहां केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी, सह प्रभारी भोला सिंह और प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता एक साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में सांसदों, मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन महज सरकारी कार्यक्रम से आगे संगठनात्मक गतिविधि को प्रोत्साहित करने का रूप दे रहा है।

हरियाणा भाजपा के लिए यह समय खास इसलिए है क्योंकि प्रदेश संगठन में नई जिम्मेदारियों का दौर चल रहा है। अर्चना गुप्ता प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका संभाल रही हैं, जबकि स्मृति इरानी और भोला सिंह को प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में सात अक्टूबर का आयोजन नई टीम के बीच सार्वजनिक तालमेल का पहला बड़ा दृश्य पेश करेगा।

स्मृति इरानी के लिहाज से यह दौरा विशेष महत्व रखता है। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद हरियाणा में यह उनका पहला दौरा होगा। हालांकि इस दिन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अलग से मुलाकात तय नहीं है। इसलिए असली संगठनात्मक परीक्षा उनके अगले विधिवत दौरे में होगी। सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान प्रदेश भाजपा की वास्तविक स्थिति, संगठन की प्राथमिकताएं और सरकार के साथ तालमेल जैसे मुद्दे सामने आएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा