home page

गुरुग्राम में खड़ी गाडिय़ों से टायर-रिम चोरी करने के दो आरोपी काबू

 | 
गुरुग्राम में खड़ी गाडिय़ों से टायर-रिम चोरी करने के दो आरोपी काबू


-सोसायटियों और सडक़ों पर खड़ी गाडिय़ों को बनाते थे निशाना

गुरुग्राम, 30 मई (हि.स.)। सोसायटियों और सडक़ों पर खड़ी गाडिय़ों के टायर-रिम चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अपराध शाखा मानेसर की पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर (28) निवासी शक्ति पार्क, गुरुग्राम और नवीन (35) निवासी गांव उजीना, जिला नूंह के रूप में हुई है।

आरोपियों से पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सागर अपने साथियों के साथ मिलकर सोसायटियों और सडक़ों पर खड़ी गाडिय़ों की रेकी करता था। रात में जैक की मदद से गाडिय़ों के टायर रिम सहित निकालकर चोरी कर लेता था। चोरी के टायर वह आरोपी नवीन को 1500 से 2000 रुपये प्रति टायर के हिसाब से बेच देता था। नवीन चोरी का माल खरीदने का काम करता था। पूछताछ में आरोपी सागर ने गुरुग्राम जिले में टायर चोरी की 16 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।बता दें कि नौ मई 2026 को एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी सेक्टर-93 को शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसने अपने दोस्त की गाड़ी एमआरजी बालकनी सोसायटी, सेक्टर-93 के बाहर सर्विस लेन पर खड़ी की थी। सुबह लौटने पर गाड़ी के चारों टायर रिम सहित गायब मिले। शिकायत पर थाना सेक्टर-10 में मामला दर्ज किया गया था। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर को 26 मई को शक्ति पार्क से और नवीन को 27 मई को एनएच-8 सर्विस रोड, राजनगर से गिरफ्तार किया। दोनों को 27 मई को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के 53 टायर, आठ रिम, आठ अलॉय व्हील, एक जैक और 600 रुपये बरामद हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर