home page

गुरुग्राम में उत्तर प्रदेश पुलिस की दबिश के दौरान युवक की मौत पर पांच पुलिसकर्मी निलंबित

 | 

गुरुग्राम, 30 अगस्त (हि.स.)। वांछित आरोपी को पकड़ने गुरुग्राम पहुंची उत्तर प्रदेश के बिजनौर की पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक युवक की मौत हो गई। इस मामले में पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि दूसरे राज्य यानी उत्तर प्रदेश से हरियाणा आकर दबिश से पहले तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। गुरुग्राम पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई। इसके बाद बिजनौर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने नांगल थाने के दरोगा हरस्वरूप शर्मा और चार कांस्टेबल सुजीत कुमार, रोहित कुमार, अरुण राजौरा व पवन कुमार को सस्पेंड कर दिया।

बता दे कि नांगल थाना क्षेत्र के तिसोतरा गांव का पंकज कुमार एक केस में वांटेड है। 25 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली कि वह गुरुग्राम के राजीव नगर में अपने दोस्त डिकेंद्र उर्फ डीके के किराए के कमरे में है। सूचना पर नांगल थाने की टीम गुरुग्राम पहुंची। आरोप है कि टीम ने जाने से पहले थाने में रवानगी दर्ज नहीं कराई और न ही उच्चाधिकारियों व गुरुग्राम पुलिस को सूचना दी। टीम सिविल ड्रेस में थी।

बाथरूम में घुसकर खुद को गोली मारने का दावा

पुलिस के मुताबिक टीम जब कमरे पर पहुंची तो वहां पंकज और डिकेंद्र दोनों मौजूद थे। फ्लैट में डिकेंद्र की गर्लफ्रेंड और उसकी बहन भी थीं। पुलिस ने गेट खटखटाया तो दोनों युवक डर गए और वॉशरूम में छिप गए। पुलिस का दावा है कि खींचतान के दौरान डिकेंद्र ने बाथरूम में पिस्तौल से अपने पेट में गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने थाना प्रभारी को सूचना दी। मामला सामने आने पर बिजनौर के वरिष्ठ अधिकारी गुरुग्राम पहुंचे और स्थानीय पुलिस से जानकारी ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर