home page

गुरुग्राम में तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौत

 | 
गुरुग्राम में तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौत


-एक्टिवा पर दोस्त से मिलने जा रहे थे युवक

गुरुग्राम, 21 अप्रैल (हि.स.)। पटौदी क्षेत्र में एक दर्दनाक सडक़ हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। वे दोनों स्कूटी पर सवार होकर तीसरे दोस्त से मिलने जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें कुचल दिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान पटौदी निवासी 21 वर्षीय मुस्तफा और मुजफ्फरनगर नवासी 16 वर्षीय अयान के रूप में हुई है।

पुलिस को दी शिकायत में नूंह के घासेड़ा गांव निवासी दिलशान ने बताया कि वह अपने दोस्त महरबान के साथ पहले से ही पटौदी बाईपास पर मौजूद थे। वे मुस्तफा व अयान का इंतजार कर रहे थे। सोमवार की रात को अयान और मुस्तफा स्कूटी से आ रहे थे। तभी पटौदी बाईपास पर तेज रफ्तार कैंटर चालक ने लापरवाही से स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक कुचले गए। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।

पीछे आ रहे दिलशाद और महिरबान ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था की और दोनों घायलों को पटौदी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पटौदी शहर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दिलशाद के बयान के आधार पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक और वाहन की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर