home page

गुरुग्राम: रेता-बजरी से भरा ट्रक खाली करते समय दबकर हेल्पर की मौत

 | 

ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज

गुरुग्राम, 04 जुलाई (हि.स.)। यहां सेक्टर-113 में रेता-बजरी के स्टॉक पॉइंट पर बजरी से भरा ट्रक खाली करते समय लापरवाही के कारण एक हेल्पर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 16 वर्षीय प्रियांशु, पुत्र दुर्गा प्रसाद मौर्य निवासी जिला नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रियांशु के पिता दुर्गा प्रसाद मौर्य ने थाना बजघेड़ा में दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा अपनी मर्जी से ट्रक में हेल्पर का काम करता था। 2/3 जुलाई 2026 की रात करीब 12:40 बजे ट्रक रेता-बजरी लेकर सेक्टर-113 पहुंचा था। ड्राइवर ने प्रियांशु से ट्रक का डाला खोलने के लिए कहा। डाला खोलते ही ऊपर से बजरी उसके पैरों पर गिर गई। प्रियांशु ने ड्राइवर को कई बार आवाज लगाई, लेकिन ड्राइवर ने उसकी बात नहीं सुनी और ट्रक को ऊपर उठाकर खाली कर दिया।

इसमें प्रियांशु पूरी तरह बजरी में दब गया। सूचना मिलने पर एएसआई सुमित, ईएचसी जितेंद्र और टीम मौके पर पहुंची। घायल प्रियांशु को मणिपाल अस्पताल पालम विहार ले जाया गया। अस्पताल से सूचना मिली कि चोट लगने के कारण भर्ती प्रियांशु उम्र 20 वर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। जांच अधिकारी अतिरिक्त उपनिरीक्षक सुमित ने बताया कि प्रियांशु के पिता की शिकायत पर थाना बजघेड़ा में केस दर्ज किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर