home page

गुरुग्राम: यातायात के नियम तोड़े तो बख्शे नहीं जाएंगे बाइकर्स

 | 
गुरुग्राम: यातायात के नियम तोड़े तो बख्शे नहीं जाएंगे बाइकर्स


-सडक़ सुरक्षा को लेकर डीसीपी ईस्ट ने बाइक राइडर्स के साथ की विशेष बैठक

गुरुग्राम, 27 सितंबर (हि.स.)। हाल के दिनों में बाइक राइडर्स के साथ हुई सडक़ दुर्घटनाओं को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने सडक़ सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरुकता बैठक की। ग्वाल पहाड़ी चौकी के पास स्थित विभिन्न कैफे में आयोजित इस बैठक में पुलिस अधिकारियों ने दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद समेत कई शहरों से आए करीब 60 बाइक राइडर्स से संवाद किया।

बैठक में पुलिस उपायुक्त पूर्व एवं यातायात संदीप कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त डीएलएफ विष्णु प्रसाद तथा थाना प्रबंधक डीएलएफ फेज-1 निरीक्षक मनोज कुमार ने राइडर्स को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने राइडर्स को सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि निर्धारित स्पीड लिमिट का अनिवार्य रूप से पालन करें। लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करें। तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें। अचानक लेन बदलने और जोखिमपूर्ण ड्राइविंग न करें। सडक़ और ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार सतर्क और नियंत्रित गति से ड्राइविंग करें। अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सडक़ सुरक्षा नियमों को तोडऩे वाले बाइकर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि स्पीड से नहीं, सुरक्षित ड्राइविंग और जागरूक रहने से ही राइड पूरी होती है। सडक़ पर सुरक्षित पहुंचना ही किसी भी राइड का सबसे बड़ा उद्देश्य है। गति सीमा और लेन ड्राइविंग जैसे बुनियादी नियमों का पालन कर हादसों को काफी हद तक टाला जा सकता है। उन्होंने राइडर्स से अपील की कि वे अपने बाइकिंग ग्रुप और साथी राइडर्स को भी सडक़ सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर