home page

गुरुग्राम: टावर ऑफ जस्टिस के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में

 | 
गुरुग्राम: टावर ऑफ जस्टिस के लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में


-जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा व डीसी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

-12 जुलाई को भारत के मुख्य न्यायाधीश करेंगें टावर ऑफ जस्टिस का लोकार्पण

गुरुग्राम, 07 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम के अत्याधुनिक टावर ऑफ जस्टिस के आगामी 12 जुलाई को लोकार्पण होगा। इस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा तथा उपायुक्त उत्तम सिंह ने मंगलवार को आयोजन स्थल पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का भी जायजा लिया। बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा ने कहा कि 12 जुलाई का यह समारोह गुरुग्राम की न्यायिक व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालय परिसर के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी गरिमा, अनुशासन एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म स्तर पर परीक्षण किया जाए।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से समारोह के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं को पूरी गंभीरता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों एवं आगंतुकों की उपस्थिति को देखते हुए प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर