गुरुग्राम: थार कार की चपेट में आकर दो बच्चों व एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
आरोपी कार चालक कार छोडक़र हुआ था फरार, पुलिस ने गिरफ्तार कियागुरुग्राम, 28 मार्च (हि.स.)। यहां एक थार कार की चपेट में आकर दो बच्चों व एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। वे पैदल घर जा रहे थे कि थार की चपेट में आने से बुरी तरह से घायल हो गए थ। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया शुक्रवार की रात की इस घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया। पुलिस ने इस मामले में थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक सुभाष के भाई ने पुलिस टीम को शिकायत देकर कहा कि उसका भाई सुभाष गांव खोड़ में रहता था। वह गांव लोकरा-खोड़ रोड पर गांव खोड़ के पास प्लॉट में रहता है। शुक्रवार देर रात को उसका भाई उसके नवासे ईशांत व जैद खान को लेकर उनके पास आया था। जब वह उनसे मिलकर प्लॉट से गांव खोड़ की तरफ अपने मकान में जा रहा था, इसी दौरान पीछे से एक थार गाड़ी चालक तेज गति से गाड़ी लेकर आया। पीछे से सुभाष, आठ वर्षीय जायद खान और छह वर्षीय ईशांत को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों कई फुट दूर जाकर गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना देखकर काफी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। हादसे के बाद थार गाड़ी चालक मौके पर ही गाड़ी छोडक़र फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

