home page

गुरुग्राम: केमिकल सेफ्टी टैंक हादसे में पीडि़त परिवारों को मुआवजा दे कंपनी

 | 
गुरुग्राम: केमिकल सेफ्टी टैंक हादसे में पीडि़त परिवारों को मुआवजा दे कंपनी


-राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य ने दिए निर्देश

-डा. सुषमा गोरियाल ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

गुरुग्राम, 25 नवंबर (हि.स.)। गुरुग्राम में 11 नवंबर को भौंडसी स्थित एक कंपनी के केमिकल सेफ्टी टैंक में जांच के दौरान तीन कर्मचारियों की हुई मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने संबंधित कंपनी के परिसर में पहुंचकर हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कंपनी प्रबंधन और मृतक कर्मचारियों के परिजनों के साथ संयुक्त बैठक कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की तथा पीडि़त परिवारों को न्याय एवं नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश दिए।

डॉ. सुषमा गोरियाल ने कंपनी प्रबंधन को निर्देश दिए कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों की पूर्ण अनुपालना करते हुए मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को निर्धारित मुआवजा उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना के तहत पात्र मृतक सफाई कर्मचारियों के परिवारों को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। इसलिए मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कंपनी अपने सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि आयोग इस मामले में पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने तथा जिम्मेदार पक्षों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल ने अधिकारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज और शहर की स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित अधिकारी सफाई कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर