गुरुग्राम: डा. सुधा यादव बनीं राज्यपाल, दक्षिण हरियाणा की बढ़ी शान
-डा. सुधा यादव को राज्यपाल बनाए जाने से दक्षिण हरियाणा में खुशी की लहर
-महेंद्रगढ़ लोकसभा से अपना पहला चुनाव लडक़र बनीं थीं सांसद
गुरुग्राम, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कारगिल के पहले शहीद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव की वीरांगना डा. सुधा यादव की कर्नाटक में राज्यपाल की नियुक्ति से दक्षिण हरियाणा का सम्मान बढ़ा है। राष्ट्रपति की ओर से उन्हें राज्यपाल नियुक्त होने की सूचना के बाद से पूरे दक्षिण हरियाणा में खुशी की लहर है। डा. सुधा यादव महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से वर्ष 1999 में सांसद भी बनीं थीं। अब उन्हें कर्नाटक की राज्यपाल के रूप में एक और बड़ा सम्मान मिला है।
डा. सुधा यादव को राज्यपाल बनाया जाना दक्षिण हरियाणा के लिए गर्व और गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन से सोमवार देर शाम नोटिफिकेशन जारी होते ही उन्हें बधाई देने वालों का उनके सेक्टर-10 गुरुग्राम स्थित आवास पर लोगों का जमावड़ा लगता गया। मंगलवार को उन्होंने परिवार के साथ शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर स्टाफ ने भी उन्हें राज्यपाल बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। डा. सुधा यादव को कर्नाटक की राज्यपाल बनाए जाने की सूचना मिलते ही गुरुग्राम समेत पूरे दक्षिण हरियाणा में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके गुरुग्राम स्थित निवास पर बधाई देने वाले पहुंचने लगे। डॉ. सुधा यादव 1999 में हुए कारगिल युद्ध के पहले शहीद बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव की पत्नी हैं। डॉ. सुधा यादव मूल रूप से रेवाड़ी जिले के मोतला कलां गांव की रहने वाली हैं। उनकी शादी बीएसएफ में कमांडेंट रहे रेवाड़ी जिला के ही धामलावास गांव निवासी सुखबीर सिंह यादव के साथ हुई थी। कारगिल युद्ध में पति की शहादत के बाद डॉ. सुधा यादव ने हिम्मत नहीं हारी और परिवार व समाज के लिए खुद को समर्पित कर दिया। वे वर्ष 1999 में सांसद भी रह चुकी हैं। डा. सुधा यादव 1999 से 2004 तक हरियाणा के महेंद्रगढ़ सीट से 13वीं लोकसभा की सदस्य रहीं। तीन जुलाई 2015 को उन्हें बीजेपी में ओबीसी मोर्चा की नेशनल इंचार्ज बनाया गया। उन्होंने 2019 से 2022 तक भारत सरकार के लिए नेशनल कमीशन फॉर बैकवर्ड क्लासेस की सदस्य के तौर पर काम किया। 17 अगस्त 2022 को वे बीजेपी के पार्लियामेंट्री बोर्ड की सदस्य बनीं। सुषमा स्वराज के बाद वह यह पद संभालने वाली दूसरी महिला हैं। डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाए जाने पर गुरुग्राम के सेक्टर 10 और रेवाड़ी स्थित उनके पैतृक गांव में भी जश्न का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि सुधा यादव ने शहादत के बाद जो संघर्ष किया, वह हर महिला के लिए प्रेरणा है। आज वे संवैधानिक पद पर पहुंची हैं तो यह पूरे अहीरवाल क्षेत्र का सम्मान है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

