home page

गुरुग्राम: स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाने पर महिलाओं से मारपीट

 | 

-सेक्टर-67 की श्री वर्धमान मंत्रा सोसाइटी में दो घंटे तक हुआ हंगामा

गुरुग्राम, 14 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-67 स्थित हाई-राइज सोसाइटी श्री वर्धमान मंत्रा में स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाने के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाने पहुंचीं दो महिलाओं के साथ मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगा है। पीडि़त महिलाओं के मुताबिक गुरुवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे वे सोसाइटी में स्ट्रीट डॉग्स को खाना दे रही थीं। इसी दौरान सोसाइटी के कुछ लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, वहां आ गए और उन्हें खाना देने से मना किया। पीडि़ताओं का आरोप है कि मना करने के बाद उन्हें सुनियोजित तरीके से घेर लिया गया। बाल खींचे गए, सडक़ पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया और गालियां दी गईं। जब महिलाओं ने इसका वीडियो बनाना चाहा तो आरोपियों ने उन्हें रोक दिया और मोबाइल तक छीन लिए।

पीडि़त डॉग फीडर रोज सूद ने कहा कि हम रोजाना सैकड़ों स्ट्रीट डॉग्स को खाना खिलाते हैं। सोसाइटी के कुछ लोग लगातार जानवरों को यहां से भगाने का दबाव बनाते हैं। ऐसा न करने पर हर रोज बदतमीजी और गाली-गलौज की जाती है। सामने आए वीडियो में बीच सडक़ पर महिलाओं की पिटाई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई साफ देखी जा सकती है। एक वीडियो में गुस्साई महिलाएं पीडि़ता को घेरकर हमला करती दिख रही हैं। दूसरे वीडियो में दोनों तरफ से जमकर गाली-गलौज और चीख-पुकार सुनाई दे रही है।

वहीं सोसाइटी के निवासी सुनील राजपूत ने डॉग फीडर्स पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ये महिलाएं नियमों का पालन नहीं करतीं। ये जान-बूझकर लोगों के फ्लैट और मुख्य गेट के ठीक बाहर कुत्तों को खाना डाल देती हैं। इससे कुत्ते आक्रामक हो जाते हैं और बच्चे-बुजुर्गों को काटते हैं। सुनील ने यह भी आरोप लगाया कि समझाने पर वे महिलाएं बाहर से बाउंसर बुलाकर धमकाती हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले भी प्रशासन और पुलिस में लिखित शिकायत की जा चुकी है। घटना की सूचना पर सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों की तरफ से लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत और वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए जा रहे हैं। इससे यह साफ होगा कि लड़ाई की शुरुआत किसने की और मारपीट में कौन-कौन शामिल था। सोसाइटी में इस झड़प के बाद तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर