home page

गुरुग्राम: सोशल मीडिया पर हथियार लहराने पर 59 अकाउंट पर कार्रवाई

 | 
गुरुग्राम: सोशल मीडिया पर हथियार लहराने पर 59 अकाउंट पर कार्रवाई


-गुरुग्राम पुलिस के ऑपरेशन अंकुश में ये अकाउंट किए गए डिलीट

-पुलिस ने खंगाले करीब 2000 सोशल मीडिया अकाउंट

गुरुग्राम, 07 अक्टूबर (हि.स.)। रील के लिए हथियार लहराकर बदमाशी दिखाने वालों पर गुरुग्राम पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस के ऑपरेशन अंकुश के तहत बुधवार को करीब 2000 सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले गए, जिसमें से 59 अकाउंट आपत्तिजनक पाए गए। पुलिस ने इन अकाउंट संचालकों को काबू कर उनकी रील/वीडियो डिलीट करवाई हैं।

गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और आपराधिक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाली रीलों पर अंकुश लगाने के लिए नौ सितंबर 2026 को ऑपरेशन अंकुश शुरू किया था। सोशल मीडिया सेल ने लगातार निगरानी करते हुए लगभग 2000 अकाउंट की जांच की। जांच के दौरान 42 अकाउंट ऐसे मिले जिन पर हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा था, जबकि 17 अकाउंट पर आपराधिक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाली रील/वीडियो पोस्ट की गई थीं। इन रीलों में बदमाशी और गैंगस्टर वाले गानों के साथ हथियार लहराए जा रहे थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 59 अकाउंट संचालकों को काबू किया और उनसे आपत्तिजनक कंटेंट डिलीट करवाया। साथ ही उन्हें समझाया गया कि इस तरह की सामग्री समाज में गलत संदेश देती है और युवाओं पर बुरा असर डालती है।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के पास से रील में दिखाए गए अवैध हथियार भी बरामद हुए। अवैध हथियार मिलने पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। वहीं, जिन मामलों में वैध लाइसेंसी हथियार दूसरों को रील बनाने के लिए दिए गए थे, उनके लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों की काउंसलिंग भी की और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी। गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक संदेश और जागरुकता के लिए करें। हथियारों का दिखावा और अपराध को महिमामंडित करने वाली रील न बनाएं, न ही शेयर करें। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस की सोशल मीडिया पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर