गुरुग्राम: एसटीएफ ने झज्जर में कारतूसों का बड़ा जखीरा पकड़ा
-पांच आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद
-आरोपियों में एक महिला भी शामिल
गुरुग्राम, 03 नवंबर (हि.स.)। एसटीएफ बिहार से मिली सूचना के आधार पर हरियाणा एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को झज्जर में 25 हजार जिंदा कारतूसों के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार 3 नवंबर 2026 की सुबह एसटीएफ की रोहतक टीम ने जिला झज्जर के रोहद में त्रिवेणी ढाबे के सामने सडक़ किनारे खड़ी दो गाडिय़ों टाटा हैरियर व हुंडई ऑरा की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टाटा हैरियर से केएफ 7.65 और बीएमएम केएफ बोर के 24,400 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गाड़ी में तीन लोग सवार थे। वहीं हुंडई ऑरा से बीएमएम केएफ अंकित 600 जिंदा कारतूस मिले। इस गाड़ी में दो लोग सवार थे। कुल मिलाकर 25,000 कारतूस बरामद किए गए। मौके से आठ मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान (49), निवासी बदायूं उत्तर प्रदेश, आसिम रईस (33) निवासी बदायूं, सबलू खान (32) निवासी बदायूं, अरबाज अली (27) निवासी बदायूं, जीनत (33) बदायूं के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से बरामद गाडिय़ां, कारतूस और मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए। कारतूसों के संबंध में आरोपी कोई लाइसेंस नहीं दिखा पाए। इस संबंध में थाना आसोदा जिला झज्जर में आम्र्स एक्ट में मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही एसटीएफ बिहार पुलिस ने भोजपुर जिले में इसी तरह के मामले में लल्टू नामक व्यक्ति को उसके साथियों के साथ गिरफ्तार किया था और करीब 20,000 कारतूस बरामद किए थे। आरोप है कि लल्टू, अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान के निकट संपर्क में था और उसी से कारतूस प्राप्त किए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अफीफुद्दीन बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बदायूं गन हाउस चलाता है। वह सिरसा गया था और वहां के निवासी विजय गोयल से कारतूसों का यह बड़ा जखीरा प्राप्त किया था। विजय गोयल सिरसा स्थित महक गन हाउस का मालिक है। कारतूसों के स्रोत और गन हाउसों के वितरण नेटवर्क का पता लगाने के लिए एसटीएफ बिहार पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के समन्वय से आगे की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

