home page

गुरुग्राम: सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गनाइजर के घर पर फायरिंग

 | 

सौरव यादव का सुरक्षाकर्मी गोली लगने से घायल

गुरुग्राम, 03 मई (हि.स.)। बीती रात बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गनाइजर सौरव यादव के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में सौरव यादव के सुरक्षाकर्मी सिपाही कुलविंदर को गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सिपाही कुलंविंदर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने सीधे घर के बाहर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि बदमाशों का असली निशाना सौरव यादव था, लेकिन अचानक हुई फायरिंग की चपेट में उनका सुरक्षा कर्मी आ गया। घटना के समय सौरव यादव घर पर मौजूद थे।

गोलियों की आवाज सुनते ही सुरक्षाकर्मी ने मोर्चा संभालने की कोशिश की, लेकिन अचानक हुई फायरिंग में वह घायल हो गया। सौरव यादव को गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से धमकियां मिल चुकी थी। इसी को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने उनकी सुरक्षा में दो जवान तैनात किए थे।

बता दें कि इससे पहले भी राहुल फाजिलपुरिया पर पिछले साल फायरिंग हो चुकी है, वहीं उनसे जुड़े रोहित सोकिन की हत्या भी हो चुकी है। हाल ही में सौरव यादव ने फाजिलपुरिया के गाने “लारी लारी” को प्रमोट किया था, जिसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थी। फिलहाल पुलिस आस पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर