home page

गुरुग्राम में शीतला माता मंदिर बोर्ड का पुर्नगठन करेगी सरकार

 | 
गुरुग्राम में शीतला माता मंदिर बोर्ड का पुर्नगठन करेगी सरकार


चंडीगढ़, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा सरकार गुरुग्राम स्थित ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर बोर्ड का जल्द पुर्नगठन करने जा रही है। बादली के विधायक कुलदीप वत्स द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि जनवरी 2025 में पूर्व बोर्ड का कार्यकाल पूरा हो चुका है। कुलदीप वत्स आज सदन में नहीं थे, जिसके चलते स्पीकर की मंजूरी के बाद उनके स्थान पर यह सवाल गीता भुक्कल ने उठाया।

सक्षम प्राधिकारियों से नई अनुशंसा अथवा नामांकन प्राप्त नहीं होने के कारण बोर्ड सदस्यों की नियुक्ति अटक गई है। बोर्ड के गठन का मामला सरकार के पास विचाराधीन है। इस संबंध में जल्द ही कोई ठोस फैसला लिया जाएगा।

विपुल गोयल ने मंदिर में चल रहे विकास कार्यों पर सदन में रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि वर्ष 2021 में फेज एक का कार्य मेसर्स गोरालाल बिल्डर को 69.98 करोड़ रुपये की मूल राशि पर आबंटित किया गया था। बाद में जिसे बढ़ाकर 89.51 करोड़ रुपये कर दिया गया था। अब तक इस एजेंसी को 78.77 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा पत्थर, नक्काशी, व्हाइट फ्लोरिंग, स्तंभों तथा शिखरों की क्लैडिंग का कार्य एल.एन.ए. इंफ्रा प्रोजेक्टस को 13.39 करोड़ में आबंटित किया गया है। अभी तक इस एजेंसी को 84 लाख का भुगतान किया जा चुका है।

सार्वजनिक स्वास्य सेवाएं, बिजली सेवाएं तथा फायर सेफ्टी सिस्टम के लिए 21 फरवरी 2026 को ऋद्धि कंस्ट्रक्शन को 16.49 करोड़ में कार्य आबंटित किया गया है। सिविल वर्क 69.98 करोड़ से बढक़र 89.51 करोड़ तक पहुंच गया है। यह बढ़ोतरी कीमतों में बदलाव तथा कार्य के विस्तार के चलते हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा