home page

गुरुग्राम: सेवा सेतु कैंप में 300 से अधिक लोगों ने ली सरकारी योजनाओं की जानकारी

 | 
गुरुग्राम: सेवा सेतु कैंप में 300 से अधिक लोगों ने ली सरकारी योजनाओं की जानकारी


-दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का 62 महिलाओं को मिला तुरंत लाभ

गुरुग्राम, 23 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम मानेसर के गांव नखड़ौला स्थित खेल स्टेडियम में सेवा सेतु कैंप लगाया गया। इसका उद्देश्य आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके घर-द्वार के नजदीक उपलब्ध कराने तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं से सीधे जोडऩा रहा।

कैंप का शुभारंभ नगर निगम मानेसर के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव तथा वार्ड नंबर-15 की पार्षद पिंकी ने किया।

सेवा सेतु अभियान के तहत मानेसर में आयोजित यह पहला कैंप था। इसके बाद 24 सितंबर को नगर निगम मानेसर के सेक्टर-8 स्थित मुख्यालय में भी कैंप आयोजित किया जाएगा। इन सेवा सेतु कैंपों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकार की योजनाओं, सेवाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही संबंधित योजनाओं से जोडऩे की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर 300 से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।

विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण किया गया, जिससे लोगों को संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े। कैंप में पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जाकर अपनी जरूरत के अनुसार योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से अपनी समस्याओं और पात्रता से संबंधित जानकारी भी ली। सेवा सेतु कैंप में 62 महिलाओं ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए ऑन द स्पॉट अपना पंजीकरण कराया। गांव पंचगांव निवासी अनु तथा पूजा ने बताया कि सेवा सेतु कैंप में उन्हें दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की जानकारी मिली और मौके पर ही उनका पंजीकरण कर दिया गया। शिकोहपुर निवासी सुनीता ने कहा कि सेवा सेतु कैंप में उन्हें दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की जानकारी मिली और ऑन द स्पॉट पंजीकरण की सुविधा का लाभ मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर