गुरुग्राम: वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक रहना जरूरी:हिमानी लठ
-सेबी की मास्टर ट्रेनर हिमानी लठ ने कर्मचारियों को दी बचत और निवेश की जानकारी
गुरुग्राम, 24 जुलाई (हि.स.)। सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) की मास्टर ट्रेनर हिमानी लठ ने कहा कि आज के समय में केवल कमाई करना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही तरीके से बचाना और निवेश करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने बैंकिंग, बीमा, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार और डिजिटल लेन-देन से जुड़ी बुनियादी जानकारी दी। वे शुक्रवार को वित्तीय जागरुकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रयोग फाउंडेशन की ओर से सेक्टर-37 उद्योग विहार फेज-4 स्थित टेक्नोक्रेट कनेक्टिविटी सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में वित्तीय साक्षरता सेमिनार में बोल रही थीं।
सेबी की मास्टर ट्रेनर हिमानी लठ ने वित्तीय साक्षरता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व प्रयोग फाउंडेशन की ओर से टेक्नोक्रेट कंपनी के एमडी विनोद पहिलाजानी, प्रोगे्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) के चेयरमैन दीपक मैनी का आभार जताया गया, जिन्होंने इस सेमिनार के आयोजन में अपना पूर्ण सहयोग दिया। हिमानी लठ ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बचत से बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है। सरकारी योजनाओं जैसे पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि, एनपीएस और पोस्ट ऑफिस स्कीम का लाभ उठाकर सुरक्षित निवेश किया जा सकता है। युवा वर्ग को जल्दी निवेश शुरू करने की आदत डालनी चाहिए ताकि कंपाउंडिंग का लाभ मिल सके। सेमिनार में डिजिटल युग में बढ़ रही ऑनलाइन ठगी और वित्तीय फ्रॉड पर भी चर्चा हुई। हिमानी लठ ने कर्मचारियों को सलाह दी कि वे ओटीपी, पासवर्ड और बैंक डिटेल किसी से साझा न करें। फर्जी लोन ऐप, फिशिंग लिंक और अनजान नंबरों से आने वाले मैसेज से सतर्क रहने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि निवेश से पहले कंपनी की सेबी में रजिस्ट्रेशन की जांच अवश्य करें। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने वित्तीय योजनाओं और निवेश से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका हिमानी लठ ने संतोषजनक उत्तर दिया।
प्रयोग फाउंडेशन के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगें। युवाओं को वित्तीय जागरुक होना बहुत जरूरी है। वर्तमान समय में साइबर ठगों का जाल बहुत फैल चुका है। रोजाना लाखों, करोड़ों रुपये साइबर ठग किसी न किसी तरीके से ठग रहे हैं। निवेश की जानकारी के अभाव में उनकी मेहनत की कमाई चंद सेकेंड में ठग ली जाती है। प्रयोग फाउंडेशन का यही प्रयास है कि सेबी के साथ मिलकर अधिक से अधिक सेमिनार आयोजित करके सही निवेश और ठगी के प्रति जागरुकता फैलाई जाए। टेक्नोक्रेट कंपनी प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेमिनार से कर्मचारियों को अपने वेतन और बचत को बेहतर तरीके से प्रबंधित करने में मदद मिलती है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

