गुरुग्राम: निजी स्कूल में छात्र को टीचर ने मारपीट करके कहे जातिसूचक शब्द
-छात्र के पिता ने यह आरोप लगाकर पुलिस में दी शिकायत
गुरुग्राम, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिला के खंड सोहना स्थित एक निजी स्कूल में दलित छात्र ने शनिवार को दूसरे छात्रों पर जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल छात्र को सोहना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद गुरुग्राम रेफर कर दिया गया। पीडि़त छात्र के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी है।
सोहना के जोगिंदर स्कूल में छात्र पढ़ता है। वहां की जावेद कॉलोनी निवासी किशनलाल ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे मोहित को स्कूल के सतीश नामक टीचर ने इसलिए पीटा कि वह हिंदी की पुस्तक नहीं लेकर गया था। शिक्षक ने मोहित को धक्का दिया, जिससे उसका सिर बेंच से टकरा गया। उसे चोट लगी। परिजन इस जानकारी पर स्कूल पहुंचे और जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी। मारपीट के बाद छात्र मोहत की हालत बिगड़ गई। उसे तुरंत सोहना नागरिक अस्पताल ले जाया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक ने मोहित को जातिसूचक शब्द भी कहकर अपमानित किया। पीडि़त छात्र के पिता ने सोहना थाना शहर में शिकायत दर्ज की गई। इस मामले में स्कूल संचालक तेजपाल सैनी ने कहा कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। इस मामले को अनावश्यक रूप से तूल दिया जा रहा है। शिक्षक ने कोई मारपीट नहीं की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

