home page

गुरुग्राम: संत रविदास जी के समरसता संदेश को घर-घर पहुंचाएंगें: डा. अर्चना गुप्ता

 | 
गुरुग्राम: संत रविदास जी के समरसता संदेश को घर-घर पहुंचाएंगें: डा. अर्चना गुप्ता


-युवाओं में शिष्टाचार और सभ्यता के लिए चलेगा विशेष अभियान

-जेन-जी के बीच सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प

गुरुग्राम, 04 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के व्यापक संदेश के रूप में प्रदेश के हर घर और जन-जन तक पहुंचाएगी। जेन-जी यानी युवा पीढ़ी के बीच भारतीय संस्कृति में निहित शिष्टाचार, सभ्यता, मर्यादा और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए विशेष जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।

इन कार्यक्रमों को लेकर मंगलवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय गुरु कमल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा की उपस्थिति में प्रदेश पदाधिकारियों, सभी जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों तथा एससी मोर्चा के सभी जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा युवाओं के बीच सकारात्मक सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा का प्रयास है कि संत रविदास महाराज के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित न रखा जाए।

यह संदेश समस्त मानवता के लिए प्रासंगिक है। इसलिए प्रदेश के मंदिरों, आश्रमों, छात्रावासों, गांवों, गलियों और विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं युवाओं तक संत रविदास के विचारों को पहुंचाने का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को जाति-पंथ और वर्गों में बांटने की राजनीति के बजाय सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और समरसता को मजबूत करने की दिशा में काम करती है। पार्टी के लिए संगठन से ऊपर राष्ट्रहित और समाजहित सर्वाेपरि है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अब तक 1,831 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। भाजपा का लक्ष्य प्रदेशभर में 20 हजार कार्यक्रम आयोजित करने का है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता के संकल्प को और मजबूत किया जाएगा। संत रविदास की 650वीं जयंती को लेकर भाजपा द्वारा प्रदेशभर में व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा पहले ही तैयार की जा चुकी है। बैठक में जेन-जी के नाम पर बढ़ती असंयमित राजनीतिक भाषा और सार्वजनिक संवाद के गिरते स्तर पर भी चर्चा हुई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संत रविदास महाराज के समरसता संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने, युवाओं में सकारात्मक सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने तथा मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर नागरिकों को जागरूक करने के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर