गुरुग्राम: रोडरेज में छात्रा को चलती कार से उतारने का प्रयास,देरी से पहुंची पुलिस
-सूचना के 37 मिनट बाद पहुंची पुलिस टीम पर कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल
गुरुग्राम, 08 मई (हि.स.)। सोहना रोड पर गुरुवार की शाम को कैब चालकों की दबंगई देखी गई। यहां कैब से एक कार के टकराने पर कैब चालकों ने कार के चालक के साथ मारपीट की। कार में सवार 12वीं की छात्रा सहम गई। उसने रोते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई। छात्रा के कई बार कॉल करने के बावजूद पुलिस 37 मिनट बाद पहुंची। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।छात्रा की मां ने देर रात सोशल मीडिया पर इस घटना को सांझा किया। साथ ही पुलिस की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए। सेक्टर-67 की रहने वाली महिला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा कि उनकी बेटी 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है। गुरुवार को परीक्षा देने के बाद वह अपनी सहेली को पार्क व्यू सिटी-दो में छोडक़र कार से चालक के साथ सेक्टर-67 की तरफ आ रही थी। तभी सोहना रोड पर अचानक से एक कैब आई।चालक कार को संभाल नहीं पाया और कार की कैब से मामूली टक्कर हो गई। कैब से टक्कर होते ही उनकी कार को कई कैब चालकों ने घेर लिया और कार चालक भूरी सिंह को बाहर निकाल कर उसके साथ मारपीट की। कैब चालक ने आवाज देकर अपने पांच से छह कैब चालकों को भी मौके पर बुलाया लिया। सभी ने कार को चारों तरफ से घेर लिया और उनकी बेटी को बाहर निकालने के लिए दरवाजों को कई बार खोलने का प्रयास किया, लेकिन बच्ची ने दरवाजा नहीं खोला। डर के कारण बच्ची रोने लगी और उसे (अपनी मां) को फोन पर वीडियो कॉल कर पूरी घटना के बारे में बताया गया। खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए बच्ची ने शाम पांच बजकर दो मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मदद मांगी। बच्ची की मां ने इस हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।उन्होंने बताया कि बच्ची ने पहली कॉल पांच बजकर दो मिनट पर की, जिसके बाद पांच बजकर दस मिनट पर पुलिस ने फोन कर लोकेशन पूछी। तब मदद नहीं मिलने पर बच्ची ने फिर से अपनी मां को जानकारी दी। पुलिस मदद के लिए बच्ची और मां ने 20 से ज्यादा कॉल कंट्रोल रूम में किए। पुलिस की टीम 37 मिनट के बाद मौके पर पहुंची। चंद मिनट में मौके पर पहुंचने वाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर यह घटना सवाल उठाती है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में जांच की जाएगी कि पुलिस टीम को मौके पर पहुंचने में इतना समय क्यों लगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

