home page

गुुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर वाहन की टक्कर से घायल श्रद्धालु की मौत

 | 

गुरुग्राम, 22 अगस्त (हि.स.)। द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित एक पेट्रोल पंप पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में फर्रुखनगर निवासी अजय ने बताया कि उसके पिता मुकेश 19 अगस्त को अपने भतीजे अरविंद और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कार से गुरुग्राम स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद लौटते समय दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उनकी कार द्वारका एक्सप्रेसवे सेक्टर-102 स्थित बीपी एक्सप्रेसवे पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए रुकी। कार से उतरने के बाद मुकेश शौचालय और पानी पीने के लिए गए थे। वापस लौटते समय पेट्रोल-डीजल डिस्पेंसर के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पेट्रोल पंप कर्मचारियों और परिजनों की मदद से पहले सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल और बाद में एसजीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन 21 अगस्त को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसजीटी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन व उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर