home page

गुरुग्राम पहुंची राजीव गांधी ज्योति सद्भावना यात्रा का स्वागत

 | 
गुरुग्राम पहुंची राजीव गांधी ज्योति सद्भावना यात्रा का स्वागत


-कांग्रेस ग्रामीण कार्यालय पर किया गया स्वागत

-35 वर्षों से देश में भाईचारे का संदेश दे रही है सद्भावना यात्रा

गुरुग्राम, 19 अगस्त (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी की स्मृति और उनके सद्भावना संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही राजीव गांधी ज्योति सद्भावना यात्रा बुधवार को गुरुग्राम पहुंची। कांग्रेस के ग्रामीण कार्यालय पहुंचने पर यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण एवं शहरी) के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव एवं जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुग्राम पहुंचने पर यात्रा का जोरदार अभिनंदन किया। इस अवसर पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने राजीव गांधी अमर रहे तथा सद्भावना के समर्थन में जमकर नारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष वर्धन यादव ने राजीव गांधी ज्योति सद्भावना यात्रा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। वर्धन यादव ने बताया कि यह कोई साधारण यात्रा नहीं है, बल्कि पिछले 35 वर्षों से निरंतर बिना रुके तमिलनाडु के पेरंबदूर से शुरू होकर देश की राजधानी दिल्ली तक का सफर तय करती आ रही है। इस यात्रा की शुरुआत जिस स्थान (पेरंबदूर) से हुई थी, वहां राजीव गांधी जी शहीद हुए थे, वहां से पवित्र ज्योति लेकर देश में शांति और सौहार्द का अलख जगाया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी के दूरदर्शी नेतृत्व को नमन करते हुए वर्धन यादव ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने भारत को 21वीं सदी में ले जाने की नींव रखी थी।

जिलाध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने बताया कि गुरुग्राम पहुंचने के बाद राजीव गांधी ज्योति सद्भावना यात्रा का रात्रि विश्राम खेडक़ीदौला टोल के समीप स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में रखा गया। यहां यात्रा के साथ चल रहे यात्रियों के रहने और विश्राम की उचित व्यवस्था की गई। विश्राम के पश्चात यह सद्भावना यात्रा गुरुवार सुबह अपने अंतिम पड़ाव यानी देश की राजधानी दिल्ली के लिए रवाना होगी। दिल्ली पहुंचकर इस ज्योति सद्भावना यात्रा का औपचारिक समापन होगा, जहां देश भर के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता राजीव गांधी जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके दिखाए सद्भावना के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर